टीकमगढ़। युवाओं एवं विशेष रूप से बालिकाओं को आत्मरक्षा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन ग्राउंड टीकमगढ़ में आयोजित समर कैम्प का दिनांक10 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जूडो-कराटे प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनके प्रशिक्षण, अनुभव एवं रुचि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के महत्व को समझाते हुए कहा कि खेल और मार्शल आर्ट्स न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन एवं मानसिक दृढ़ता भी विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच एवं कठिन परिश्रम के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं एवं तकनीकी अभ्यासों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षकों को छात्राओं को बेहतर एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों से शिक्षा एवं खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए समय प्रबंधन, एकाग्रता एवं निरंतर सीखने की आदत विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बच्चों ने पुलिस अधीक्षक से संवाद के दौरान अपने अनुभव साझा किए तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

