टीकमगढ़। आधुनिक एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा अनुसंधान कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में ई-विवेचना प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने पुलिस अधिकारियों की तकनीकी कार्यक्षमता को नई दिशा प्रदान की है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में दिनांक 23 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विवेचना अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान ई-विवेचना प्रणाली से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई जिसके पश्चात पुलिस अधीक्षक महोदय ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण का फीडबैक लिया एवं पुलिस कर्मियों से संवाद कर प्रशिक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई ।
प्रशिक्षण के माध्यम से बढ़ी तकनीकी दक्षता
विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा अधिकारियों को ई-विवेचना पोर्टल पर कार्य करने की प्रक्रिया का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया। डिजिटल अनुसंधान, साक्ष्य संकलन एवं ऑनलाइन दस्तावेज प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण देकर विवेचना कार्य को अधिक त्वरित, सटीक एवं व्यवस्थित बनाने पर बल दिया गया।
गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और दोष सिद्धि पर फोकस
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अनुसंधान प्रक्रिया मजबूत हो तथा न्यायालयीन कार्यवाही में डिजिटल साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इससे प्रकरणों की गुणवत्ता एवं दोष सिद्धि दर में भी सकारात्मक वृद्धि की संभावना है।
तकनीकी उन्नयन से मजबूत हुई जिले की पहचान
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे सतत तकनीकी प्रशिक्षण एवं डिजिटल कार्यप्रणाली के परिणामस्वरूप जिले ने सीसीटीएनएस रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है, जो पुलिस अधिकारियों की प्रतिबद्धता, दक्षता एवं आधुनिक कार्यशैली का परिचायक है।
उत्कृष्ट पुलिसिंग की दिशा में निरंतर प्रयास
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा नियमित प्रशिक्षण, तकनीकी नवाचार एवं ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी उपयोग के माध्यम से पुलिसिंग को और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं नागरिक केंद्रित बनाया जा रहा है।

