नर्मदापुरम/ पंडित रामलाल शर्मा इंग्लिश मीडियम स्कूल, नर्मदापुरम में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री गिरीश दीक्षित जी, सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया।
मुख्य अतिथि श्री गिरीश दीक्षित जी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, शिक्षा एवं राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य विद्यार्थियों के ज्ञान, संस्कार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना पर निर्भर करता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री अरुण शर्मा जी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समिति के सदस्य श्री संतोष व्यास जी, श्री राजा अदलिया जी, श्री प्रशांत दुबे जी एवं श्री अनिल सक्सेना जी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सुधीर मिश्रा जी एवं श्रीमती निशा चौबे मैडम ने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प के साथ हुआ।

