वृंदावन बिहार कॉलोनी में आटे के दीयों से रोशन हुआ गजानन का दरबार: महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ I
पुरानी इटारसी। वार्ड नंबर 02, जमानी रोड स्थित वृंदावन बिहार कॉलोनी में विराजमान विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी की भव्य एवं मंगलमय महाआरती का आयोजन अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘गणपति बाप्पा मोरया’ के गगनभेदी जयकारों के बीच हुए इस आयोजन में पूरी कॉलोनी भक्ति के रंग में डूबी नजर आई।
आटे के दीपकों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस विशेष आयोजन की सबसे मुख्य विशेषता पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल रही। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी की महिलाओं ने घर पर ही स्वयं अपने हाथों से आटे के सुंदर दीपक तैयार किए। जब इन इको-फ्रेंडली दीपकों की कतारों से पूरा पूजा पंडाल जगमगा उठा, तो वहां मौजूद सभी श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
श्री गणेश जी को लगाया गया 56 भोग
महाआरती के शुभ अवसर पर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी को विशेष रूप से 56 भोग का नैवेद्य अर्पित किया गया। विधि-विधान से पूजन एवं महाआरती संपन्न होने के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
आस्था और आपसी सहयोग का प्रतीक: अमित सोनी
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए श्री अमित सोनी जी ने बताया कि यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी अगाध आस्था, पर्यावरण चेतना और समाज में आपसी सहयोग एवं भाईचारे का अनूठा प्रतीक है। कॉलोनी के सभी निवासियों ने एकजुट होकर इस आयोजन को भव्य रूप दिया।
इस महाआरती के दौरान कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में बच्चों ने उपस्थित रहकर पूर्ण भक्ति भाव के साथ भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पत्रकार कुणाल पासवान – इटारसी)

