टीकमगढ़/भोपाल। टीकमगढ़ नगर पालिका के पांच पार्षदों ने मंगलवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पहुंचकर एक बार फिर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कुछ समय पहले ये सभी पार्षद कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। अब उन्होंने पुनः कांग्रेस में वापसी की है।
टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला और नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक के नेतृत्व में पार्षदों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस में वापस आने वाले पार्षदों में चीता भाई कुशवाहा, अरविंद सिंह, राखी ध्रुव यादव, अंशुल जैन और रामकुमार शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी पार्षदों का स्वागत करते हुए उनके पुनः पार्टी में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।
संगठन को मिलेगी मजबूती
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। पांच पार्षदों की वापसी से टीकमगढ़ में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्षदों का स्वागत किया और उनके दोबारा कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर खुशी जताई।

