टीकमगढ़ । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राहुल कटरे के तत्वावधान में यातायात थाना द्वारा एक महत्वपूर्ण जन-सुरक्षा अभियान प्रारंभ किया गया।
उक्त अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 25 दिसंबर 2025 को टीकमगढ़ स्थित अनाज मंडी परिसर में किसानों द्वारा उपयोग में लाई जा रही ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। यह पहल विशेष रूप से रात्रिकालीन समय एवं कम दृश्यता की परिस्थितियों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से की गई है, ताकि भारी वाहनों एवं ट्रॉलियों को दूर से ही पहचाना जा सके। अभियान के दौरान यातायात पुलिस द्वारा किसानों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों, रिफ्लेक्टर के महत्व, सुरक्षित वाहन संचालन एवं यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया गया। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया। यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि इस प्रकार का रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान निरंतर रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर आम नागरिकों एवं कृषकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का यह प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

