शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाडा में ‘कॉलेज चलो अभियान’ कार्यक्रम का सफल आयोजन*
सिवनीमालवा- मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा
कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 27/12/25 को प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी मालवा की टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोमलवाडा का भ्रमण कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यालय प्राचार्य राममोहन रघुवंशी ने कार्यक्रम की सराहना की l
कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. रजनीकांत वर्मा ने कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा और कौशल का युग है, जहाँ उच्च शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की संभावनाओं की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी जिस आयु में हैं वह जीवन का अत्यंत निर्णायक चरण होता है। ऐसे में विषय का सही चयन, लक्ष्य की स्पष्टता और नियमित अध्ययन उनके करियर को मजबूत दिशा देते हैं। इसलिए “कॉलेज चलो अभियान” का उद्देश्य न केवल प्रवेश प्रक्रिया समझाना है, बल्कि विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप उचित मार्गदर्शन प्रदान करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “अवसरों की कमी नहीं है—जरूरत है मन लगाकर पढ़ने, लक्ष्य तय करने और सपनों के प्रति समर्पित रहने की।”
इसके पश्चात डॉ. सतीश बालापुरे ने विद्यार्थियों को विषय विकल्पों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा सरकारी पोर्टल से जुड़ी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाएँ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को अधिक सुगम बनाती हैं।
डॉ. मनीष दीक्षित ने उच्च शिक्षा के व्यापक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सोच, समझ और व्यक्तित्व विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन करियर विकल्पों, कौशल आधारित कोर्सों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं का मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय की ओर से डॉ अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व, कैरियर निर्माण की प्रक्रिया और व्यक्तित्व विकास की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में नई संभावनाओं का द्वार खोलती है और भविष्य की सही दिशा निर्धारित करती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय चयन, करियर विकल्प, फीस संरचना तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञ टीम द्वारा सरल भाषा में दिया गया। विद्यालय शिक्षक राजेश देवरिया, शिव शंकर चौधरी वीरेंद्र यादव, मधु हुरमाडे, योगेंद्र मालवीय, आशीष यादव, श्रीमती सुनीता राजपूत, सुश्री शिखा रघुवंशी, शिवम ठाकुर, श्रीमती शिवानी यादव ने जागरूकता अभियान में विद्यार्थियों को सही दिशा और उच्च शिक्षा के प्रति उनकी समझ को मजबूत बनाने के कार्यक्रम में सहयोगी बताया।
