टीकमगढ़। स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने मध्यप्रदेश बजट 2026-27 को गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, युवा और महिलाओं के लिए समर्पित बजट बताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
विधायक खटीक ने बताया कि मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा 18 फरवरी 2026 को विधानसभा में 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया, जो पिछले वर्ष से 4% अधिक है। यह बजट GYAN-II (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री) सिद्धांत पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि बजट में 200 नए सांदीपनी स्कूल, दलहन-तिलहन पर भावांतर योजना, किसानों को सोलर पंप पर 90% सब्सिडी, 5 एचपी तक कृषि पंपों को निःशुल्क बिजली, पशुपालन के लिए 2364 करोड़ और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन हेतु 335 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
महिला सशक्तिकरण के तहत मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता जारी है, जबकि लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के लिए 1801 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
अवसंरचना विकास के अंतर्गत 8000 किमी सड़कों का डामरीकरण, 600 किमी उन्नयन, मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के लिए 21630 करोड़ तथा प्रदेश में 972 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को स्वीकृति दी गई है।
विधायक ने कहा कि यह बजट किसान कल्याण वर्ष की अवधारणा को साकार करते हुए प्रदेश को औद्योगिक, कृषि एवं अधोसंरचना विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

