टीकमगढ़, 29 जून। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार सोमवार को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने वार्ड क्रमांक-2 स्थित भवानी सेतु पुल (बंडा नहर) क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान नहर में फैली जलकुंभी को हटाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया और नहर की व्यापक सफाई कराई गई, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे तथा स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके।
इसके बाद अधिकारियों ने अंबेडकर चौराहे से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री, पार्षद मुन्नालाल साहू, पार्षद प्रतिनिधि जाहिद खान, नगर पालिका उपयंत्री दीपक विश्वकर्मा, स्वच्छता नोडल रौनक जैन, सफाई प्रभारी हवालदार राकेश बाल्मीकि सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

