नर्मदापुरम: पॉक्सो एक्ट का फरार आरोपी राहुल कदम गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल l
नर्मदापुरम। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के मामले में पिछले ढाई महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को रात के वक्त घेराबंदी कर दबोचा, जिसे माननीय विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बीती 7 अप्रैल 2026 को संजय नगर ग्वालटोली (नर्मदापुरम) की रहने वाली एक 16 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने आरोपी राहुल कदम (पिता केशव कदम, उम्र 30 वर्ष) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप था कि ग्वालटोली निवासी राहुल कदम ने उसके साथ गंदे-गंदे इशारे कर छेड़छाड़ की थी।
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 350/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 296 (बी), 115 (2) बी और 7/8 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया था। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
फरार आरोपी की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने सख्त निर्देश जारी किए थे। जिसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोतवाली जितेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया।
देर रात पुलिस ने दबोचा
लगातार तलाश और तकनीकी इनपुट के आधार पर कोतवाली पुलिस की टीम ने 18 जून 2026 की रात करीब 12:05 बजे (00:05 बजे) फरार आरोपी राहुल कदम को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
इनकी रही मुख्य भूमिका:
आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में कोतवाली थाने के सउनि रेवाराम गायकवाड़, आरक्षक 839 पंकेश वघेला और आरक्षक 920 गजेन्द्र की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
– रिपोर्ट: कुनाल पासवान

