टीकमगढ़। प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए “पत्रकार सुरक्षा कानून” अतिशीघ्र लागू करने की मांग को लेकर जतारा विधायक हरिशंकर खटीक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में विधायक ने बताया कि हाल ही में टीकमगढ़ जिला मुख्यालय पर मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पत्रकारों ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के समक्ष कानून लागू करने की पुरजोर मांग रखी थी।
मुख्यमंत्री की घोषणा की याद दिलाई
पत्र में विधायक ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि 26 एवं 27 मार्च 2025 को चंबल संभाग के जिला मुरैना के शासकीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं घोषणा की थी कि पत्रकारों की सुरक्षा हेतु “पत्रकार सुरक्षा कानून” प्रदेश में छह माह में लागू किया जाएगा। लेकिन अभी तक कानून लागू नहीं हो सका है।
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
विधायक खटीक ने पत्र में उल्लेख किया कि पत्रकारों ने जिला बैठक में चेतावनी दी है कि यदि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं किया गया तो अक्टूबर 2026 में पत्रकार धरना-प्रदर्शन करेंगे।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कलम के सिपाही पत्रकारों के हित में “पत्रकार सुरक्षा कानून” प्रदेश में शीघ्र लागू कराने का कष्ट करें।

