नर्मदापुरम का ‘ख्वाब’ अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएगा दम, मध्य प्रदेश जूनियर पिट्टू टीम में चयन
नर्मदापुरम। जिले के खेल जगत के लिए एक गौरवशाली खबर सामने आई है। ग्राम बघवाड़ा के उभरते हुए खिलाड़ी ख्वाब लोवंशी का चयन तीसरे जूनियर नेशनल पिट्टू चैंपियनशिप के लिए मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है। ख्वाब की इस उपलब्धि से न केवल उनके गांव बघवाड़ा में, बल्कि पूरे नर्मदापुरम जिले में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
शानदार प्रदर्शन का मिला फल
जिला पिट्टू संघ के अध्यक्ष अशोक मालवीय ने बताया कि ख्वाब लोवंशी ने हाल ही में आयोजित ‘खेलो यूथ गेम्स एमपी’ में जिले का प्रतिनिधित्व किया था। वहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता था। राज्य स्तर पर उनके इसी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दी है।
मेहनत और समर्पण की जीत
जिला पिट्टू संघ के महासचिव जाफर सिद्दीकी ने ख्वाब की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ख्वाब ने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया है। कोच अंश मालवीय और शरद लोवंशी ने जानकारी दी कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 मई से 6 मई तक सूरत, गुजरात में आयोजित की जाएगी। जिलेवासियों को पूरी उम्मीद है कि ख्वाब वहां भी शानदार प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश को पदक दिलाएंगे।
खेल प्रेमियों ने दी शुभकामनाएं
ख्वाब लोवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अशोक मालवीय, जाफर सिद्दीकी, देवेंद्र सिंह परिहार, आलोक चौधरी, अर्पण दुबे, अश्वनी मालवीय, वंश मालवीय, निखिल, रितेश और शाहिद सहित जिले के समस्त खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
आज का विचार: “मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है,
पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।”
पत्रकार कुणाल पासवान

