टीकमगढ़, 13 फ़रवरी 2026 पुलिस बल में तनाव मुक्ति एवं कार्यकुशलता संवर्धन के उद्देश्य से हार्टफुलनेस संस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस के मध्य हुए समझौते के अंतर्गत टीकमगढ़ जिले में संचालित ध्यान सत्रों की प्रगति की समीक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई से हार्टफुलनेस संस्थान के क्षेत्रीय मार्गदर्शक गजेंद्र गौतम ने शिष्टाचार भेंट कर समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान श्री गौतम ने जिले के विभिन्न थानों में नियमित रूप से आयोजित हो रहे हार्टफुलनेस ध्यान सत्रों की वर्तमान स्थिति, पुलिस कर्मियों की सहभागिता तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक को प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने पुलिस बल के लिए तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण की आवश्यकता पर बल देते हुए ऐसे सत्रों को अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि ध्यान सत्रों का सुव्यवस्थित संचालन, सतत निगरानी और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ध्यान और आंतरिक संतुलन से पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता, निर्णय क्षमता तथा जनसेवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होता है।
इस अवसर पर हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र टीकमगढ़ के समन्वयक नितिन कुमार बबेले ने बताया कि जिले के प्रत्येक थाना स्तर पर नियमित ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं तथा आगामी समय में इन्हें और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से प्रशिक्षक कृष्णकांत दुबे तथा हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र की ओर से प्रशिक्षक भाई कमलेश राय, नीरज बबेले एवं विशाल कड़ा उपस्थित रहे।
यह पहल पुलिस बल में मानसिक संतुलन, सकारात्मक ऊर्जा एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले में इस कार्यक्रम के और अधिक प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा व्यक्त की गई है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

