पथरोटा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: जन्मदिन की रात युवक को ब्रिज से नीचे फेंककर हत्या करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार l
इटारसी/पथरोटा। थाना पथरोटा पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए हत्या के चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। फोरलेन ओवरब्रिज पर देर रात जन्मदिन मनाने से रोकने पर आरोपियों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे जान से मारने की नीयत से ब्रिज से नीचे फेंक दिया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
भोपाल से आई मर्ग डायरी, जांच में खुला राज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कार्यालय नर्मदापुरम के माध्यम से थाना कोहेफिजा (भोपाल) से मृतक सुनील उईके (पिता अर्जुन उईके, उम्र 35 वर्ष, निवासी पाण्डुखेडी, पथरोटा) की मर्ग डायरी (0/338/26 धारा 194 बी.एन.एस.एस.) प्राप्त हुई थी। इस डायरी के आधार पर थाना पथरोटा में असल मर्ग क्रमांक 22/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
भांजी की गवाही और ढोल वाले के बयान से खुला मामला
पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री विरेन्द्र कुमार मिश्रा के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी पथरोटा द्वारा मामले की कड़ाई से जांच की गई।
भांजी के बयान: मृतक सुनील उईके की भांजी प्रिया उईके ने पूछताछ में बताया कि घटना की रात (26 मई 2026) करीब 2:30 बजे उसके मामा ढोल बजने की आवाज सुनकर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री वाले फोरलेन ब्रिज पर गए थे। वहां कुछ लड़के जन्मदिन मना रहे थे। मामा ने इतनी रात को ढोल बजाने से मना किया, तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और उन्हें सीधे ब्रिज से नीचे फेंक दिया। सिर और गर्दन में गंभीर चोट आने के कारण इलाज के दौरान सुनील उईके की मौत हो गई। बाद में ग्रामीणों ने बताया कि पांडुखेड़ी का शान मेहतो और उसके तीन दोस्त वहां बर्थ-डे मना रहे थे।
ढोल वादक की गवाही: पुलिस ने जब देर रात ढोल बजाने वाले की तलाश की तो बंटी उर्फ सुरेन्द्र टिकारिया (निवासी पथरोटा) ने पुष्टि की कि घटना की रात वह ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ओवरब्रिज पर ढोल बजाने गया था। वहां पांडुखेड़ी का शान मेहतो और उसके दोस्त जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान सुनील उईके आया था और उसने रात में ढोल बजाने पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद यह खूनी वारदात हुई।
चारों आरोपी सलाखों के पीछे
साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी शान मेहतो और उसके तीनों अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आज का विचार: “अपराध की उम्र चाहे जितनी लंबी हो, कानून के हाथ हमेशा उससे बड़े होते हैं।”
– पत्रकार कुनाल पासवान

