टीकमगढ़। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों की चुनौतियों को देखते हुए प्रदेशव्यापी सेफ क्लिक अभियान 2026 का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर सुरक्षा डिजिटल सतर्कता तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक बनाना है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां शुरू की गईं। अभियान के प्रथम दिवस पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अस्पतालों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान अस्पताल परिसरों में साइबर जागरूकता स्टेण्डी एवं प्रचार सामग्री प्रदर्शित कर नागरिकों मरीजों के परिजनों तथा अस्पताल प्रबंधन को ऑनलाइन ठगी फर्जी लिंक ओटीपी साझा करने के खतरे बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को किसी भी संदिग्ध कॉल संदेश या ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास न करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल एनसीआरपी पर शीघ्र शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने बताया कि आगामी 15 दिनों तक जिलेभर में कार्यशालाएं जनसंवाद चौपाल एवं शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क रहने और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

