टीकमगढ़/जतारा। जनपद पंचायत जतारा की ग्राम पंचायत केशवगढ़ में रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन द्वारा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया गया। बरगद के पेड़ के नीचे आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रामकुमारी यादव एवं प्रियंका जैन, आशा कार्यकर्ता राममूर्ति पाल, जानकी आदिवासी, रामकुमार यादव तथा लक्ष्मी साहू, माध्यमिक शाला के प्राचार्य मुकुंद सिंह परमार, प्राथमिक शाला खुशीपुरा के शिक्षक कैलाश पाल सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
अभियान के तहत 28 जून को आंगनवाड़ी के दोनों केंद्रों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। वहीं 29 एवं 30 जून को आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।
सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने सभी आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सहायिकाओं से अभियान को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत केशवगढ़ का कोई भी 0 से 5 वर्ष का बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जिन परिवारों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे हैं, वे उन्हें अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही ग्राम पंचायत केशवगढ़ को पूर्णतः पोलियो मुक्त एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।

