पुलिस की सजगता से टली मेले में बड़ी वारदात: चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार l
इटारसी। शहर के सूरजगंज स्थित लाल ग्राउंड में सजे मेले की रौनक अब अपराधिक तत्वों की नज़र में है। लेकिन इटारसी पुलिस की मुस्तैदी ने शनिवार रात एक बड़ी अनहोनी को होने से पहले ही रोक लिया। मेले की भीड़ का फायदा उठाकर वारदात की फिराक में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा।
एएसआई रीना खरे की सतर्कता ने पकड़ा आरोपी
मेले में सुरक्षा के मद्देनजर टीआई गौरव सिंह बुंदेला द्वारा शाम 6 से रात 11 बजे तक विशेष टीम तैनात की गई है। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एएसआई रीना खरे की नज़र एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। जब टीम ने घेराबंदी कर युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ।
सोमलवाड़ा का है आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान मनोज (21 वर्ष), पिता मल्लू अहिरवार, निवासी ग्राम सोमलवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से ही मेले में चाकू लेकर पहुंचा था। समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से मेले में आए नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
आज का विचार
“सतर्कता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। जब प्रशासन सजग और नागरिक जागरूक हों, तभी एक सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।”
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान, इटारसी

