नर्मदापुरम/प्रदीप गुप्ता/ मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने आमजनों की समस्याओं को सुन उनका निराकरण किया। जनसुनवाई में 89 आवेदनो पर सुनवाई हुई। जिला पंचायत सीईओ एसएस रावत, अपर कलेक्टर मनोज कुमार ठाकुर सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी जनसुनवाई में उपस्थित रहे। जनसुनवाई में प्राप्त अंत्येष्टि सहायता के प्रकरणों का कलेक्टर श्री सिंह ने प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश पंचायत के अमले को दिए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को अंत्येष्टि सहायता के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने वाले अधिकारी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।जनसुनवाई में ग्राम सावलखेड़ा निवासी श्रीमती माया उनके ने बताया कि वह सावलखेड़ा के शालाओं एवं आंगनबाड़ी भवन के बच्चों के लिए भोजन बनाने का कार्य करती है, चूंकि स्कूल प्रांगण से लगी हुई पानी की मोटर विगत दो माह से खराब है। जिससे काफी समस्या उत्पन्न हो रही है। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी नर्मदापुरम द्वारा खराब मोटर सुधारने की कार्यवाही की गई।जनसुनवाई में इटारसी निवासी अशोक रोहरे ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी इटारसी को आवेदक की पात्रता की जांच करने के निर्देश दिए गए। जिसमें बताया गया कि आवेदक के पास भूमि स्वामित्व सम्बंधी प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण वर्तमान स्थिति में लाभ दिया जाना संभव नहीं है। ग्राम होलीपूरा निवासी प्रशांत मीणा ने अपनी भूमि के रिकॉर्ड दुरुस्ती एवं नक्शा ऑनलाइन के संबंध में आवेदन दिया जिस पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम नर्मदापुरम को प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने जनसुनवाई में आए अन्य आवेदनों पर भी गंभीरता पूर्वक सुनवाई कर उनका निराकरण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें।

