टीकमगढ़। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने के लिए टीकमगढ़ पुलिस द्वारा हर मंगलवार नियमित जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के निर्देशन में यह पहल नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का आसान माध्यम बन गई है। इसी क्रम में मंगलवार 1 सितंबर को एसपी कार्यालय सहित जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत पारिवारिक और पुलिस से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
एसपी सुधीर अग्रवाल ने नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदन की तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाला हर व्यक्ति सम्मान और संवेदनशील व्यवहार का हकदार है।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं वरिष्ठ नागरिकों दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता पर सुना गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित सहायता दी जाए।
टीकमगढ़ पुलिस ने जनसुनवाई को केवल एसपी कार्यालय तक सीमित न रखते हुए थाना चौकी स्तर तक विस्तार दिया है ताकि लोगों को अपनी समस्या के लिए जिला मुख्यालय न आना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही समाधान मिल सके। पुलिस का कहना है कि नियमित जनसुनवाई से पुलिस तक आमजन की पहुंच सहज हुई है और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूती मिल रही है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

