इटारसी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान हुआ नगर I
इटारसी। देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को इटारसी नगर में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के जबरदस्त उत्साह के साथ भव्य तिरंगा यात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया। हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ नगरवासियों ने एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
विश्राम गृह से शुरू होकर जयस्तंभ चौक पर समापन
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विश्राम गृह, इटारसी से हुआ। वाहन रैली और पैदल यात्रियों का यह कारवां नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जयस्तंभ चौक पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया। जयस्तंभ चौक पर पूरे भक्ति-भाव और सम्मान के साथ ‘भारत माता की आरती’ की गई, जिसके पश्चात यात्रा का समापन हुआ।
जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक रहे मौजूद
राष्ट्रीयता के इस महापर्व में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। यात्रा में मुख्य रूप से क्षेत्रीय विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम निलेश शर्मा, एसडीपीओ वीरेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लिए शामिल हुए।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
आज का विचार
“तिरंगा केवल तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे देश की आन, बान, शान और 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है।”
–पत्रकार कुणाल पासवान


