कृष्णा विहार और दीवान कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा: 100 CCTV खंगालकर इटारसी पुलिस ने 2 शातिर चोरों को कार व 8.5 लाख के माल के साथ दबोचा I
इटारसी। शहर के सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को इटारसी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हुंडई एक्सेंट कार सहित करीब 8.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी जब्त की है।
क्या है पूरा मामला?
इटारसी पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को कृष्णा विहार कॉलोनी (फेस-2) निवासी राहुल चौधरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वे परिवार सहित पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गए थे। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर व नकदी गायब थे।
इसी तरह दीवान कॉलोनी निवासी ओम प्रकाश मालवीय भी परिवार सहित अपने बेटे से मिलने नागपुर गए थे। जब वे लौटे तो उनके मकान का ताला भी टूटा मिला और अलमारी से जेवरात व नकदी गायब थे। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध क्रमांक 774/26 तथा 783/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया।
100 CCTV कैमरों की जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी इटारसी के निर्देशन में 3 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों इलाकों के पास एक संदिग्ध ग्रे कलर की हुंडई एक्सेंट कार घूमती दिखाई दी।
कार के मूवमेंट के आधार पर पुलिस ने 12 बंगला, इटारसी निवासी कमलेश मांझी (39 वर्ष) पिता सुरेश चंद्र मांझी और मोहित सकतपुरिया (26 वर्ष) पिता हरिओम सकतपुरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद दोनों ने चोरी स्वीकार कर ली।
जब्त सामग्री व पुलिस रिमांड
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हुंडई एक्सेंट कार, चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी (कुल कीमती लगभग 8.50 लाख रुपये) जब्त कर दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है। अन्य चोरियों के संबंध में गहन पूछताछ के लिए आरोपी कमलेश मांझी को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पाण्डेय, उप-निरीक्षक विपिन पाल, सउनि गुलाब तिवारी, प्रधान आरक्षक 587 दिलीप ठाकरे, आरक्षक 392 बसंत लोंगरे, आर. 538 साकिर खान, आर. 749 राजकुमार, आर. 535 महेंद्र गुर्जर एवं आर. 704 अमर तवर की सराहनीय भूमिका रही।
: पत्रकार कुणाल पासवान

