टीकमगढ़. जिले के शा.उ.मा.वि. अजनौर संकुल में पदस्थ प्राथमिक शिक्षकों का 12 वर्षीय क्रमोन्नति का लाभ 8 महीने बाद भी नहीं मिल पाया है। एरियर्स भुगतान और सेवा पुस्तिका सत्यापन का कार्य भी अधूरा पड़ा है। इससे संकुल के समस्त शिक्षक परेशान हैं।
शिक्षकों के अनुसार उनकी सेवा में रहते हुए 12 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है। उनकी 12 वर्षीय क्रमोन्नति के आदेश क्रमांक/स्था-3/12 वर्षीय/प्राथ.शि./2026/1209 दिनांक 20-02-2026 को जारी हो चुके हैं। जिले के लगभग सभी संकुलों में एरियर्स भुगतान एवं सेवा पुस्तिका सत्यापन का कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन अजनौर संकुल में काफी शिक्षक परेशान हैं।
बाबू काम नहीं करना चाहते, प्राचार्य नहीं ले रहीं रुचि
शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि संकुल में पदस्थ बाबू काम करना नहीं चाहते और प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अंजली विश्वकर्मा इस कार्य में कोई रुचि नहीं ले रही हैं। शिक्षक कई बार लिखित व मौखिक आवेदन भी कर चुके हैं, पर न बाबू सुनते हैं और न ही प्राचार्य।
शिक्षकों ने संकुल प्राचार्य को आवेदन देकर क्रमोन्नति का लाभ एवं एरियर्स की राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है। इसकी प्रतिलिपि जिला अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी टीकमगढ़ को भी भेजी गई है।

