नर्मदापुरम/प्रदीप गुप्ता/ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। लाड़ली बहना योजना के लिए फार्म ग्राम पंचायत, वार्ड में आयोजित होने वाले शिविर में महिला को स्वयं उपस्थित होना होगा। महिला का फोटो खींचने का कार्य और समग्र में आधार ई-केवाईसी की जाएगी। फार्म में उपलब्ध जानकारी स्थल पर पोर्टल, एप में डाटा एंट्री की जाएगी। आधार लिंक बैंक एकाउंट का सत्यापन किया जाएगा। आवेदन के सफलतापूर्वक दर्ज होने पर आवेदक को पावती मिलेगी, जिस पर आवेदन क्रमांक भी दर्ज होगा। योजना में राशि का भुगतान जून माह से प्रारंभ होगा।महिला एवं बाल विकास विभाग शिविर से पहले किओस्क जाकर समग्र में आधार ई-केवाईसी करवाने का परामर्श दिया है, जो नि:शुल्क रूप से होता है। महिला का यदि स्वयं के नाम से स्वतंत्र बैंक अकाउंट नहीं है तो उसे बैंक जाकर खाता खुलवाना होगा और संबंधित बैंक के किओस्क पर जाकर अपना बैंक एकाउंट आधार से लिंक करवाना होगा।आपत्ति निराकरण प्रक्रिया में ऑनलाइन, लिखित एवं सीएम हेल्पलाइन 181 पर आपत्ति स्वीकार करने का प्रावधान है। अंतिम सूची का प्रकाशन भी पोर्टल, एप के साथ ही ग्राम पंचायत, वार्ड में प्रदर्शित किया जाएगा।योजना में समस्त आवेदन नि:शुल्क ऑनलाइन प्राप्त किए जाएंगे। महिला हितग्राहियों को 1,000 रूपये प्रतिमाह के मान से राशि खाते में जमा की जाएगी।

