टीकमगढ़। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले में आयोजित विभिन्न धार्मिक मेलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं विशेष रूप से बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील सहयोग प्रदान करने हेतु निर्देशित किया गया था।
उक्त निर्देशों के पालन में दिनांक 15 फरवरी 2026 को *थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुण्डेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित मेले के दौरान आयुष यादव नामक एक छोटा बालक भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गया। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र में तत्काल उद्घोषणा कराई गई तथा व्यवस्थित खोजबीन के उपरांत बालक को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने भावुक होकर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार थाना लिधोरा क्षेत्र अंतर्गत छिपरी मेले में लगभग 2 वर्ष की एक बालिका भी परिजनों से अलग हो गई थी। पुलिस टीम द्वारा संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ खोजबीन कर बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इसके अतिरिक्त कुण्डेश्वर मेले के दौरान ही दिव्यांशी लोधी उम्र 4 वर्ष निवासी सतरई बडेरा मंदिर प्रांगण में अपने परिवार से बिछड़ गई थी। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों की पहचान कर बालिका को सुरक्षित सौंपा गया।
इन सभी घटनाओं में पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदना एवं जिम्मेदार कार्यशैली के कारण बच्चों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया जा सका। परिजनों द्वारा जिला पुलिस के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पुलिस की संवेदनशील एवं सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की गई।
जिला पुलिस टीकमगढ़ महाशिवरात्रि जैसे धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए पूर्णत प्रतिबद्ध है तथा “सुरक्षा के साथ संवेदना” की भावना से निरंतर सेवाएं प्रदान कर रही है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

