टीकमगढ़। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के करकमलों से जिला चिकित्सालय स्थित प्राइवेट वार्ड परिसर में नवीन ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन व विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने चिकित्सालय के विभिन्न विभागों, जांच केन्द्रों और उपलब्ध जनसुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आधुनिक मशीनों तथा डॉक्टर कक्षों का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, पूर्व विधायक राकेश गिरी गोस्वामी, स्वप्निल तिवारी, ब्रजकिशोर तिवारी, अरविंद खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला, सहायक प्रबंधक डॉ. अंकुल साहू सहित जिला चिकित्सालय का चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जिला स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आम नागरिकों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने बताया कि नई ओपीडी शुरू होने से मरीजों को बेहतर सुविधा, कम प्रतीक्षा समय और सुचारु उपचार मिल सकेगा। इससे पुरानी ओपीडी पर भी दबाव कम होगा और उपचार व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन रोगों के उपचार के लिए नई ओपीडी प्रारंभ की गई है, उनके लिए दवा वितरण केन्द्र भी स्थापित किया जाए, ताकि मरीजों को उपचार के साथ-साथ दवाइयां भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला ने बताया कि नवीन भवन में मेडीसन, नाक-कान-गला (ईएनटी), दंत एवं त्वचा रोगों की ओपीडी प्रारंभ की गई है। वहीं पूर्व की तरह ऑर्थो एवं सर्जिकल ओपीडी पुराने भवन में संचालित रहेगी। मरीजों की सुविधा के लिए नए भवन में पर्चा बनवाने हेतु अलग काउंटर भी बनाया गया है।
नई ओपीडी शुरू होने से जिले के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

