टीकमगढ़। वैश्विक संकट और ऊर्जा संरक्षण की बढ़ती आवश्यकता के बीच सोमवार को एक सकारात्मक संदेश देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के आह्वान से प्रेरित होकर पूर्व विधायक राकेश गिरी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी गिरी ने डीजल वाहन की जगह ईवी कार का उपयोग करते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश गिरी ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि डीजल कार के स्थान पर ईवी कार का उपयोग करना भले ही छोटा कदम हो, लेकिन यह पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने लोगों से भी वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने और प्रदूषण कम करने के प्रयासों में भागीदारी निभाने की अपील की।
राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान ईवी वाहन से पहुंचकर पूर्व विधायक और पूर्व नपा अध्यक्ष ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और ऊर्जा बचत का संदेश देने का प्रयास किया, जिसकी चर्चा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में भी होती रही।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

