टीकमगढ़, 2 जुलाई। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने गुरुवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वृंदावन तालाब से डूमरऊ तक निर्माणाधीन डामरीकरण सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित तकनीकी मानकों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक-20 में एसडीआरएफ योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नाला निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री अजय दीक्षित, दीपक विश्वकर्मा सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 42 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। पहली किस्त जारी होने के साथ ही हितग्राही अपने पक्के आवास के निर्माण कार्य की शुरुआत कर सकेंगे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए आवास निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा में पूरा करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि शासन की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

