टीकमगढ़। नगर पालिका परिषद कार्यालय के पीछे स्थित चित्रांश नगर कॉलोनी में रेलवे पुल के नीचे और आसपास लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। सड़क बनने पर कॉलोनीवासियों ने भाजपा नेता विकास यादव का नवनिर्मित सड़क पर ही शॉल-श्रीफल और फूलमालाओं से सम्मान किया।
जानकारी के अनुसार, झांसी रोड कलेक्ट्रेट के सामने से चित्रांश नगर होते हुए कृषि उपज मंडी तक सड़क निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा था। लेकिन रेलवे पुल की सीमा में निर्माण को लेकर रेलवे विभाग की आपत्ति के कारण पुल के नीचे और आसपास का हिस्सा अधूरा रह गया था। इससे क्षेत्र में जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती थी। मंडी जाने वाले किसानों, स्कूली बच्चों, मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
बताया गया कि कॉलोनीवासियों ने इस समस्या के समाधान के लिए भाजपा नेता एवं मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के पूर्व सदस्य विकास यादव के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) झांसी को ज्ञापन भेजा था। इसके बाद विकास यादव ने झांसी पहुंचकर डीआरएम से मुलाकात कर अधूरी सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी। मांग पर कार्रवाई करते हुए रेलवे विभाग ने पुल के नीचे और आसपास सड़क निर्माण कार्य पूरा करा दिया।
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विकास यादव का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया और समस्या के समाधान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नरेंद्र सक्सेना, लक्ष्मण सिंह परिहार, राजेंद्र पटेरिया, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, नीरज यादव, राहुल राय, जुगल महाराज, सुरेश गुप्ता, संजीव खरे, प्रभुदयाल तिवारी, मनोज खरे, मुन्ना लाल रजक, अर्जुन यादव, लेखराज सिंह, जी.डी. कुशवाहा, पहाड़ सिंह, भगवान दास यादव, महेश चंद्र सोनी, भुवनेश्वर दीक्षित, दयाराम झा सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

