टीकमगढ़। पुलिस परिवारों के बेहतर आवासीय वातावरण, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं उनकी समस्याओं के संवेदनशील निराकरण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 17 मई 2026 को पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, भवनों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने आवासीय परिसर में निवासरत पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए, ताकि पुलिस परिवारों को बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात जनता की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उनके परिवारों की सुविधाओं एवं समस्याओं का ध्यान रखना भी पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं बेहतर जीवन-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटारे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, सूबेदार उत्तम सिंह सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

