टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देशानुसार सोमवार को स्वच्छता सर्वेक्षण एवं नाली सफाई अभियान के तहत नगर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान कर्माबाई मार्केट एवं महावीर पार्क पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में नालियों की सफाई, कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने तथा कचरे का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
“नगर की स्वच्छता हमारी प्राथमिकता”
प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजली शर्मा ने कहा कि नगर की स्वच्छता नगर पालिका की प्राथमिकता है और सभी वार्डों में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
नगर को स्वच्छ बनाने निरंतर चल रहा अभियान
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को समय पर कार्य करने एवं कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
इंदिरा कॉलोनी में मच्छररोधी दवा का छिड़काव
अभियान के दौरान अन्य वार्डों में भी विशेष सफाई अभियान चलाकर तत्काल कचरा उठवाया गया। वहीं इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव भी कराया गया।
ये रहे मौजूद
भ्रमण के दौरान नगर पालिका उपयंत्री अजय दीक्षित, दीपक विश्वकर्मा, सफाई प्रभारी हवलदार, राकेश वाल्मीकि सहित अन्य सफाई कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

