टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई एवं नागरिक संवाद कार्यक्रम जिले में संवेदनशील और जन-केंद्रित पुलिसिंग का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन और पुलिस के बीच विश्वास, संवाद एवं आत्मीयता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन चुका है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं धैर्यपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, पीड़ित एवं जरूरतमंद वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुनवाई एवं कार्यवाही की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई के निर्देशानुसार जनसुनवाई व्यवस्था को थाना एवं चौकी स्तर तक प्रभावी रूप से विस्तारित किया गया है, जिससे नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित सहायता एवं राहत मिल रही है। इस पहल से आमजन की पुलिस तक पहुंच और अधिक सहज एवं भरोसेमंद बनी है।
टीकमगढ़ पुलिस की इस पहल के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। जनसुनवाई एवं नागरिक संवाद कार्यक्रम के माध्यम से शिकायतों में कमी दर्ज की गई है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना लगातार मजबूत हो रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद एवं संवेदनशीलता ही सुरक्षित समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय, सहयोग एवं सुरक्षा का विश्वास मिले तथा उसकी बात पूरी गंभीरता और सम्मान के साथ सुनी जाए।
टीकमगढ़ पुलिस पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ आमजन की सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी जनहित एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

