टीकमगढ़। भोपाल से ओरछा तक प्रस्तावित वंदे भारत ट्रेन को विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो तक विस्तारित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में भाजपा नेता विकास यादव ने रेलवे के महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में श्री यादव ने उल्लेख किया कि रेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भोपाल से ओरछा तक नई वंदे भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि इस ट्रेन को ओरछा से आगे बढ़ाकर खजुराहो तक संचालित किया जाए, तो इससे प्रदेश की राजधानी भोपाल का सीधा जुड़ाव भगवान श्रीरामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा के साथ-साथ विश्व विख्यात पर्यटन एवं विश्व धरोहर स्थल खजुराहो से भी हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि भोपाल से ओरछा तक प्रस्तावित ट्रेन लगभग 302 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जबकि खजुराहो तक विस्तार होने पर यह दूरी करीब 493 किलोमीटर हो जाएगी, जो वंदे भारत जैसी आधुनिक एवं तेज गति की ट्रेन के लिए अधिक नहीं मानी जा सकती।
श्री यादव ने अपने पत्र में यह भी कहा कि भोपाल से वाया ओरछा होते हुए खजुराहो तक वंदे भारत ट्रेन संचालित होने से धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं तथा आम यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवा का लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप देश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर स्थलों को विकसित करने की दिशा में रेलवे मंत्रालय इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पहल बुंदेलखंड क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक विकास को भी नई दिशा प्रदान कर सकती है।
Services And Contact
Latest News
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

