टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण, सघन पेट्रोलिंग और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना बल्देवगढ़ पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई ट्रॉली एवं घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को फरियादी अजय सिंह लोधी पिता राजाराम लोधी, उम्र 27 वर्ष निवासी लडवारी थाना बल्देवगढ़ ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 मई 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे उसके घर के पास खेत में बने बेड़ा में रखी ट्रॉली को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए हैं। फरियादी की शिकायत पर थाना बल्देवगढ़ में अपराध क्रमांक 206/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए मशरूका की बरामदगी के निर्देश दिए। एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बल्देवगढ़ उप निरीक्षक जयेन्द्र गोयल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दिनांक 19 मई 2026 को आरोपी दिनेश लोधी पिता चिंतामन लोधी, उम्र 30 वर्ष निवासी लडवारी थाना बल्देवगढ़ तथा मोनू प्रसाद लोधी पिता भागीरथ लोधी, उम्र 27 वर्ष निवासी नैनवारी थाना बुड़ेरा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ट्रॉली चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ट्रॉली एवं घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जप्त कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपियों को माननीय न्यायालय टीकमगढ़ में पेश किया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी बल्देवगढ़ उप निरीक्षक चंदन शाक्य, प्रधान आरक्षक राज बहादुर शर्मा, प्रधान आरक्षक रविन्द्र यादव, आरक्षक केशव राजपूत, पंकज खरे, नीरज पाल, मनोज जाटव एवं शिवकुमार मोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

