टीकमगढ़। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थलों पर खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध के पालन को लेकर टीकमगढ़ पुलिस जिलेभर में विशेष निगरानी एवं नियंत्रण अभियान चला रही है। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बनाए रखना है।
पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश शुक्ला एवं उप पुलिस महानिरीक्षक छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन में, पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में यह कार्रवाई प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खुले में संचालित मांस, मछली एवं अंडा विक्रय गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखें तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में 22 मई 2026 को थाना लिधौरा पुलिस ने स्थानीय प्रशासनिक अमले के साथ संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विक्रय स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खुले में विक्रय कर रहे व्यापारियों को शासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए तत्काल खुले विक्रय को बंद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। आवश्यक मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

