दहशत फैलाने वालों का पुलिस ने निकाला जुलूस: भाजपा पार्षद पुत्र पर हमला करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, सड़कों पर लगवाई उठक-बैठक I
इटारसी। शहर के खेड़ा क्षेत्र में भाजपा पार्षद के पुत्र आकाश यादव पर जानलेवा चाकूबाजी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सिटी पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 7 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शहर में खौफ का माहौल बनाने वाले इन बदमाशों का पुलिस ने आज बीच बाजार पैदल जुलूस निकाला।
“अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है”
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस इन सात आरोपियों को रेलवे स्टेशन मार्ग से होते हुए सिटी थाने ले जा रही थी, तब बदमाशों के चेहरे से गुंडागर्दी का रसूख पूरी तरह गायब नजर आया। सड़कों पर पैदल चलते हुए आरोपियों ने हाथ जोड़कर कान पकड़े और जोर-जोर से नारे लगाए— “अब हम अपराध नहीं करेंगे, अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।” मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस ने इन्हें उठक-बैठक भी लगवाई, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
न्यायालय में पेशी आज
उल्लेखनीय है कि खेड़ा क्षेत्र के भाजपा पार्षद के पुत्र पर हुए हमले के बाद शहर में आक्रोश का माहौल था। सिटी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी और सातों हमलावरों को दबोच लिया। पुलिस प्रशासन ने इस जुलूस के माध्यम से यह कड़ा संदेश देने की कोशिश की है कि शहर की शांति भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आज सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आज का विचार (Aaj Ke Vichar)
“अपराध की उम्र बहुत छोटी होती है, और कानून के हाथ बहुत लंबे।
जो समाज में खौफ फैलाते हैं, अंततः उन्हें कानून के सामने नतमस्तक होना ही पड़ता है।”
रिपोर्ट: कुणाल पासवान (इटारसी)

