
नर्मदापुरम से प्रवीण गौर की खास रिपोर्ट/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में विद्युत विभाग द्वारा “संपर्क अभियान 2026” का आयोजन किया जा रहा है। नर्मदापुरम जिले में इस अभियान का सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन कलेक्टर सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में किया जाएगा। अभियान के संबंध में मंगलवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों एवं जिला अधिकारियों को अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी एसडीएम अपने-अपने अनुविभागों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने पंचायत स्तर पर मुनादी कराने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता शिविरों का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा 14 मई 2026 से पूरे कंपनी क्षेत्र में “संपर्क अभियान 2026” प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण भी किया जाएगा।
अभियान के दौरान मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पंप कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, अनापत्ति प्रमाण पत्र, बंद अथवा खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज समस्या एवं ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों के समाधान जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। शिविरों में बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान, समाधान योजना सहित अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपभोक्ताओं को प्रदान किए जाएंगे। विद्युत विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। अभियान संबंधी अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली वितरण केंद्र/जोन अथवा कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
