टीकमगढ़। पुलिस विभाग में नव नियुक्त होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत जिले में पदस्थ हुए नव आरक्षकों से दिनांक 28 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मीय एवं मार्गदर्शनपूर्ण संवाद किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी नव आरक्षकों का परिचय प्राप्त करते हुए प्रशिक्षण संस्थानों में अर्जित अनुभवों एवं सीख पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने नव आरक्षकों को वर्तमान समय में पुलिस विभाग के समक्ष मौजूद चुनौतियों पुलिसिंग की बदलती कार्यशैली जनअपेक्षाओं एवं प्रभावी कार्य रणनीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि यह समाज में विश्वास सुरक्षा एवं संवेदनशीलता स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने नव आरक्षकों को अपने पदीय दायित्वों का ईमानदारी अनुशासन एवं समर्पण भाव से निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।
बैठक के दौरान नव आरक्षकों को बताया गया कि जिले में उन्हें विभिन्न शाखाओं थानों एवं कार्यालयों में प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे वे मैदानी पुलिसिंग एवं कार्यालयीन कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें। साथ ही पुलिस विभाग द्वारा दैनिक रूप से संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यों में सहभागिता के माध्यम से उन्हें व्यवहारिक रूप से दक्ष एवं पारंगत बनाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक द्वारा अनुशासन के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि पुलिस विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन एवं सेवा अनुशासन सर्वोपरि होता है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे कर्तव्यनिष्ठा संयम एवं सकारात्मक व्यवहार के साथ आमजन की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

