टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में लगातार नवाचार स्वरूप साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आमजन को सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक करने हेतु समय-समय पर सलाह एवं दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में वर्तमान समय में सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप पर “कॉकरोच जनता पार्टी” से संबंधित विभिन्न संदेश, लिंक एवं पोस्ट तेजी से वायरल होने को लेकर जिला पुलिस द्वारा आमजन को विशेष सतर्क रहने की अपील की गई है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर चर्चित एवं ट्रेंडिंग विषयों का फायदा उठाकर लोगों को भ्रमित करते हैं तथा फर्जी लिंक, मोबाइल एप्लीकेशन एवं संदेशों के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देते हैं। ऐसे में नागरिकों को किसी भी प्रकार के वायरल संदेश या लिंक पर बिना जांच-परख विश्वास नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या व्हाट्सएप पर “कॉकरोच जनता पार्टी” के नाम से कोई सदस्यता लिंक, आमंत्रण संदेश अथवा ऑफर प्राप्त होता है, तो उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे मोबाइल फोन अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच सकती है।
जिला पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी जा रही किसी भी फाइल, मोबाइल एप्लीकेशन अथवा एपीके फाइल को बिना जांच डाउनलोड न करें। ऐसा करने से मोबाइल हैक होने एवं निजी डाटा चोरी होने का खतरा बढ़ सकता है।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने यह भी स्पष्ट किया कि ओटीपी, बैंक खाता नंबर, एटीएम विवरण, यूपीआई पिन एवं पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ साझा न करें। साथ ही बिना सत्यापन किसी भी वायरल पोस्ट या संदेश को आगे प्रेषित करने से भी बचें, क्योंकि इससे अफवाह फैलने एवं साइबर अपराध को बढ़ावा मिलने की संभावना रहती है।
उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा साइबर पोर्टल पर जानकारी दें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

