टीकमगढ़। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के पर्यवेक्षण में चौकी बंधा पुलिस द्वारा जिला बदर आदेश का प्रभावी पालन कराया गया।
चौकी प्रभारी बंधा सहायक उपनिरीक्षक कन्हैयालाल अहिरवार द्वारा चौकी क्षेत्र के आरोपी दीपक सिंह दांगी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा उसके विरुद्ध जिला बदर की अनुशंसा माननीय जिला दण्डाधिकारी (कलेक्टर) टीकमगढ़ को प्रेषित की गई थी, जिसके आधार पर जिला बदर आदेश जारी किया गया।
उक्त आदेश के पालन में दिनांक 30 मई 2026 को आरोपी को टीकमगढ़ जिले की सीमा से बाहर थाना पूरा कलाँ, जिला ललितपुर (उ.प्र.) क्षेत्र में छोड़ा गया तथा उसे स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जिला बदर अवधि के दौरान जिले की सीमा में प्रवेश करने पर उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपराधियों की पहचान कर हो रही प्रभावी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिलेभर में ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जा रही है, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई हेतु प्रकरण तैयार कर जिला प्रशासन को भेजे जा रहे हैं।
अभियान की उपलब्धि
विशेष अभियान के अंतर्गत वर्ष 2026 में अब तक 10 अपराधियों को जिला बदर कर जिले की सीमा से बाहर किया जा चुका है। साथ ही अन्य आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम
जिला बदर जैसी कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगाना, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
“अपराध और अवैध गतिविधियों के लिए जिले में कोई स्थान नहीं। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

