टीकमगढ़। आपकी सुरक्षा, परिवार की खुशहाली एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिले में लगातार सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें, क्योंकि आपकी एक छोटी सावधानी किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में दोपहिया वाहन चालकों से आईएसआई मानक हेलमेट पहनने, चालक एवं पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से उपयोग करने, तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है। वहीं चारपहिया एवं यात्री वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा लंबी दूरी की यात्रा में समय-समय पर विश्राम करने की सलाह दी गई है।
व्यवसायिक एवं यात्री वाहन संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा उपकरण वाहन में रखने, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों को कार्यशील स्थिति में बनाए रखने, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा एवं परमिट सहित सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल वाहनों एवं सार्वजनिक परिवहन वाहनों में सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन करने की बात भी कही गई है।
पुलिस द्वारा प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों में वाहन का वैध पीयूसी प्रमाणपत्र रखने, अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों का संचालन न करने, नियमित वाहन सर्विसिंग कराने एवं पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा देने की अपील की गई है। साथ ही वाहन में निर्धारित मानक की हेडलाइट, इंडिकेटर एवं ब्रेक लाइट का उपयोग करने, अनधिकृत हाई बीम एवं चकाचौंध करने वाली लाइटों से बचने तथा नंबर प्लेट को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एडवाइजरी में सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों का उल्लेख करते हुए गलत दिशा में वाहन न चलाने, ट्रैफिक सिग्नल एवं यातायात संकेतों का पालन करने, पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने तथा बारिश, धुंध एवं रात्रि के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना के बाद के पहले घंटे को “गोल्डन ऑवर” बताते हुए दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने को मानवीय कर्तव्य बताया गया है और कहा गया है कि कानून मददगार नागरिकों को संरक्षण भी प्रदान करता है।
टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट सुरक्षा संकल्प, जनसंवाद चौपाल, विद्यालय एवं महाविद्यालय जागरूकता अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष यातायात जनजागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। इन अभियानों का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने कहा कि “सड़क पर जिम्मेदारी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। नियमों का पालन करें और जीवन को सुरक्षित बनाएं।”
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

