जतारा/टीकमगढ़। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल करते हुए जतारा जनपद की ग्राम पंचायत केशवगढ़ के सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने बुधवार को अपने खेत में 11 फलदार पौधों का रोपण किया। यह आयोजन पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का प्रतीक बना।
9 जुलाई को सुबह 11 बजे पुष्पेंद्र जैन टीकमगढ़ से आम, कटहल, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के 11 पौधे लेकर केशवगढ़ पहुंचे। शाम करीब 5 बजे उन्होंने सहयोगियों के साथ खेत में विधिवत पौधरोपण किया और प्रत्येक पौधे को पानी देकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस मौके पर जैन ने कहा कि इस बार टीकमगढ़ से आने में लंबा अंतराल हो गया था, इसलिए एक साथ 11 पौधे लेकर आए। उन्होंने जीवन पर्यंत संकल्प दोहराया कि जब भी टीकमगढ़ से केशवगढ़ आएंगे, अपने साथ कम से कम एक पौधा जरूर लाएंगे और उपयुक्त स्थान पर रोपेंगे।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुष्पेंद्र जैन का यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है। इससे क्षेत्र में वृक्षारोपण को बढ़ावा मिलेगा और हरियाली का दायरा भी बढ़ेगा। पर्यावरण प्रेमियों ने अन्य लोगों से भी ऐसे प्रयास करने की अपील की है।

