नयाखेरा निवासी पशु मालिक नरेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर भैंस खरीदी थी। इसी भैंस के दूध से होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च चलता था। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मौत हो जाने से परिवार को करीब दो लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
नरेंद्र यादव ने बताया कि उनके परिवार में छोटे-छोटे बच्चे हैं और बेटियों की शादी भी करनी है। पशुधन ही उनके परिवार की आय का प्रमुख जरिया है। ऐसे में भैंस की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
हादसे के बाद किसान परिवार ने जिला कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय सहित प्रशासन से राहत राशि दिलाने की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि प्राकृतिक आपदा में हुए इस नुकसान की भरपाई के लिए शासन-प्रशासन उनकी आर्थिक मदद करे, ताकि परिवार को कुछ राहत मिल सके।

