पुलिस का कड़ा संदेश: मालवीयगंज चाकूबाजी के आरोपी 14 घंटे में गिरफ्तार, मुंह पर कपड़ा बांधकर किया था हमला; शहर में निकाला जुलूस I
इटारसी। नगर के मालवीयगंज क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस और कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए पूरी साजिश रची थी। वारदात के समय आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी और सटीक सूचना तंत्र के आगे अपराधियों की यह चालाकी धरी की धरी रह गई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर में कानून का राज कायम रखने और अपराधियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपियों के सिर झुके नजर आए और पुलिसिया इकबाल का असर साफ दिखा।
कुणाल की कलम से: पुलिसिया इकबाल का संदेश और उठते गंभीर सवाल
अपराधियों को 14 घंटे में दबोचना और शहर में उनका जुलूस निकालना इटारसी पुलिस की त्वरित कार्रवाई व कड़े रुख को दर्शाता है। चेहरे पर कपड़ा बांधकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने वालों का यह स्पष्ट संदेश देता है कि कानून के हाथों से छिपना नामुमकिन है। पुलिस का यह कदम आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करने और अपराधियों में खौफ बैठाने के लिए सराहनीय है।
हालांकि, सरेराह चाकूबाजी जैसी घटनाएं यह भी सोचने पर मजबूर करती हैं कि युवाओं में कानून का डर क्यों कम हो रहा है। सख्त कार्रवाई के साथ-साथ ऐसे अपराधों की जड़ पर प्रहार करना भी बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट: पत्रकार कुणाल पासवान

