प्रदीप गुप्ता /नर्मदापुरम / कलेक्टर नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में समयसीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं अन्य समसामयिक मुद्दों पर विस्तार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाएं। इसी प्रकार संबल 2.0 योजना के लंबित आवेदनों का भी शीघ्र निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। धान उपार्जन कार्य की समीक्षा कर कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने क्षेत्र में धान खरीदी केंद्रों का निरंतर निरीक्षण करें। जिले में खरीदी अंतिम चरण में है इसे ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता से धान खरीदी कार्य संपन्न कराएं। अमानक खरीदी करने वाली समितियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। खरीदी की अंतिम तिथि 16 जनवरी तक संपूर्ण जिले में धान उपार्जन संपन्न कराएं। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 32683 किसानों ने स्लॉट बुकिंग की हैं। जिसमें से 25839 किसानों से 300205 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। 362.16 करोड़ का भुगतान किसानों को किया गया हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाए। राजस्व एवं खनिज विभाग सघन निगरानी करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह मां नर्मदा जयंती, गणतंत्र दिवस समारोह सहित अन्य आगामी मेलों के आयोजन की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि इन आयोजनों की सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाना सुनिश्चित करें। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के लिए भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश सभी नगरीय निकायों को दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग को मालाखेड़ी मार्ग और एमपीआरडीसी को बाबई मार्ग अंतर्गत नर्मदापुरम शहर के हिस्से के चौड़ीकरण के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग को भी पिचिंग मरम्मत का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।

