कार्यक्रम की शुरुआत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद पंचायत भवन और आंगनवाड़ी परिसर में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
नीम का पौधा लगाकर दिया पर्यावरण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायत परिसर में सरपंच द्वारा नीम का पौधा रोपित कर पानी दिया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उत्साहवर्धन, बांटी मिठाई और पुस्तकें
विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
सरपंच प्रतिनिधि श्री पुष्पेंद्र जैन, केशवगढ़ ने अपने हाथों से बच्चों को स्वतंत्रता दिवस पर मध्यान्ह भोजन और मिठाई वितरित की। साथ ही ग्रामवासियों को भी मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
नर्सरी से कक्षा 2 तक के बच्चों को सरपंच प्रतिनिधि की ओर से शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए एक-एक पुस्तक भेंट की गई।
केशवगढ़ को नंबर वन पंचायत बनाने की अपील
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि पुष्पेंद्र जैन ने ग्रामवासियों से ग्राम के विकास में सहयोग की अपील की और कहा कि सभी के सहयोग से केशवगढ़ को जिले की नंबर वन ग्राम पंचायत बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शनिवार और बुधवार को ग्राम के मुख्य बाजार में साप्ताहिक बाजार लगता है। बाजार में आने वाले दुकानदारों के लिए पंचायत द्वारा मैदान की साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी दुकानदारों, विशेषकर चाट एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं से अपील की कि वे कचरा और डिस्पोजल डस्टबिन में ही डालें, खुले में कचरा न फैलाएं और पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।

