टीकमगढ़। ग्राम महौली चंदेरी जिला अशोकनगर में वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा को प्रशासन द्वारा हटाए जाने के विरोध में लोधी समाज ने बुधवार को कलेक्टर के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा (म.प्र.) के बैनर तले कलेक्टर के नाम संबोधित यह ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन में दिनांक 13/08/2026 का उल्लेख है।
महासभा के जिलाध्यक्ष मनोहर लाल लोधी (अधिवक्ता) व युवा प्रदेश अध्यक्ष इंजी. दुष्यंत सिंह लोधी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम महौली चंदेरी, जिला अशोकनगर में वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी जी की प्रतिमा पहले से स्थापित थी, जिसे विगत 10 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन द्वारा अपमाननीय तरीके से प्रतिमा स्थल से हटाकर अन्यत्र ले जाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना अवंतीबाई जी का अपमान है, साथ ही पूरे समाज का भी प्रशासन द्वारा अपमान किया गया है। इस कृत्य से समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
चेतावनी: समाज ने मांग की है कि यदि प्रशासन द्वारा प्रतिमा को यथास्थान पर स्थापित नहीं किया गया तो पूरे मध्यप्रदेश में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन दोनों की होगी।

