इटारसी में बेखौफ बदमाशों का तांडव: मालवीयगंज में साइकिल दुकान संचालक गौरव राठौर पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर I
इटारसी। शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच चाकूबाजी की एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मालवीयगंज क्षेत्र में तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक साइकिल दुकान संचालक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से आसानी से फरार हो गए।
दुकान में घुसकर किया ताबड़तोड़ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालवीयगंज निवासी गौरव राठौर अपनी साइकिल दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन अज्ञात बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए और बिना किसी बहस के गौरव राठौर पर चाकू से जानलेवा वार करना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते या बचाव के लिए आगे बढ़ते, तब तक तीनों नकाबपोश हमलावर मौके से भाग निकले।
अस्पताल में उपचार जारी, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौरव राठौर को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू लगने के कारण उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
आज का विचार
“अपराध पर मौन और भय का माहौल समाज के पतन की निशानी है;
सुरक्षित शहर के लिए अपराधियों में कानून का खौफ होना अत्यंत आवश्यक है।”
-पत्रकार कुणाल पासवान

