टीकमगढ़. आयुष कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश के बैनर तले जिले के आयुष कंपाउंडरों (औषधि संयोजक) ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम संबोधित है। संघ ने शासन से सेवा भर्ती नियमों में संशोधन कर सहायक आयुर्वेद, होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदोन्नति करने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार की सबसे प्राचीन चिकित्सा पद्धति को ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जन तक पहुंचाने का काम आयुष कंपाउंडर कर रहे हैं। वर्तमान में कई कंपाउंडर विगत 10 से 25 वर्षों से चिकित्सक की अनुपस्थिति में औषधालय प्रभारी के रूप में चिकित्सा कार्य कर रहे हैं। संचालनालय आयुष के पत्र क्रमांक 501-569 दिनांक 28.01.2020 के अनुसार भी वे समान चिकित्सा कार्य निरंतर कर रहे हैं।
संघ ने तर्क दिया कि संचालनालय के पत्र क्रमांक 02/स्था 2020/3472-85 दिनांक 17/02/2002 एवं आदेश क्रमांक 3126-4213 दिनांक 08/06/1989 के अनुसार पूर्व में आयुष कंपाउंडर की पदोन्नति सहायक चिकित्सा अधिकारी के पद पर की गई थी। उसी तर्ज पर फिर से पद सृजित किया जाए। संघ की मांग है कि 10 वर्ष के अनुभव के आधार पर सहायक आयुष अधिकारी के पद पर पदोन्नति दी जाए, ताकि कर्मचारी एक ही पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त न हों।
ज्ञापन में कहा गया है कि शासन कार्य का आकलन कर पुनः पद सृजित कर पदोन्नति का लाभ दे, जिससे कर्मचारियों को न्याय मिल सके।

