केशवगढ़। ग्राम पंचायत केशवगढ़ में पंचायत भवन परिसर स्थित सांस्कृतिक मंच पर ग्राम सभा का आयोजन किया गया। भारत माता के चित्र के समक्ष सरपंच श्रीमती सचिन जैन ने दीप प्रज्वलित कर ग्राम सभा का शुभारंभ किया।
शासन के निर्देशों पर हुई विस्तार से चर्चा
ग्राम सभा में प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल तथा मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देशों एवं एजेंडे के अनुसार सभी निर्धारित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। 6वें वित्त आयोग एवं 16वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों और पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। बताया गया कि शासन के नियमानुसार दोनों वित्त आयोगों की राशि से ग्राम में आवश्यक विकास एवं निर्माण कार्य कराए जाएंगे।
गृहकर और योजनाओं को लेकर अपील
ग्राम सभा में ग्रामीणों को जानकारी दी गई कि शासन के नियमों के अनुसार प्रत्येक परिवार को अपने मकान का गृहकर समय पर जमा करना अनिवार्य है। पंचायत को स्थानीय स्तर पर जितनी अधिक आय प्राप्त होगी विकास कार्यों के लिए शासन से उतनी ही अधिक राशि मिलने में मदद मिलेगी।
ग्रामवासियों से अपने बिजली बिल एवं बैंक से संबंधित भुगतान समय पर करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन हितग्राहियों को आवास स्वीकृत हो चुके हैं उन्हें निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा गया ताकि शेष राशि शीघ्र मिल सके। जिन हितग्राहियों को प्रथम किस्त मिल चुकी है, वे तत्काल निर्माण शुरू करें जिससे द्वितीय किस्त जारी की जा सके। अंत में ग्रामीणों से पंचायत के विकास में सक्रिय सहयोग और अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की गई।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

