टीकमगढ़. मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला शाखा टीकमगढ़ ने रविवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने जिले के कर्मचारी और शिक्षकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।
संघ के जिला अध्यक्ष एवं सचिव ने ज्ञापन में 6 प्रमुख मांगे रखी हैं। जिसमें शिक्षकों एवं समस्त कर्मचारियों के लंबित एरियर्स का शीघ्र भुगतान, सभी कर्मचारियों को समय पर वेतन प्रदान करने, लंबित देयकों का भुगतान करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा संघ ने बताया कि 12 एवं 24 वर्षीय क्रमोन्नति का लाभ एवं उसका एरियर्स आज दिनांक तक लंबित है, उसका भुगतान किया जाए। शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का सत्यापन संबंधित संकुल प्राचार्य द्वारा कोष एवं लेखा सागर से शीघ्र कराया जाए और जिला एवं विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र बुलाई जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

